पुस्तकीय ज्ञान के साथ सांस्कृतिक गतिविधियाँ जरूरी : प्रो. संजीव कुमार
देश सेवा में योगदान दे रहे 36 पुरातन छात्रों को मिला गौरव सम्मान
आजमगढ़। जनपद के शिक्षा जगत में शनिवार का दिन उस समय ऐतिहासिक बन गया, जब प्रतिभा इंटर कॉलेज, एतलस पोखरा में वार्षिकोत्सव ‘लक्ष्य’ एवं पुरातन छात्र सम्मान समारोह का भव्य एवं यादगार आयोजन हुआ। समारोह ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि संस्कृति, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़कर ही पूर्ण होती है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार एवं विशिष्ट अतिथि कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा रहे। दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। समारोह की अध्यक्षता संस्थान की अध्यक्ष सरस्वती देवी ने की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
वार्षिक समारोह में विद्यार्थियों ने हरियाणवी, राजस्थानी एवं देश की विविध संस्कृतियों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर बच्चों का आत्मविश्वास और प्रस्तुति स्तर विद्यालय में दी जा रही समग्र शिक्षा का जीवंत प्रमाण बना।
केवल किताबें नहीं, संस्कार भी जरूरी : कुलपति
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि “पुस्तकीय ज्ञान के साथ सांस्कृतिक गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनिवार्य हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को उजागर करते हैं और उन्हें जीवन के लिए तैयार करते हैं।” उन्होंने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अन्य शिक्षण संस्थानों के लिए अनुकरणीय बताया।
36 पुरातन छात्रों को मिला जीवन का सबसे बड़ा सम्मान
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर आज देश सेवा में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दे रहे 36 पुरातन छात्रों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर कई पुरातन छात्र भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है और उनकी सफलता के पीछे उनके गुरुओं का अमूल्य योगदान है।
शिक्षा के साथ संस्कारों की मजबूत नींव
विशिष्ट अतिथि कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा ने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियां यह साबित करती हैं कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ भारतीय परंपराओं और संस्कारों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए विद्यालय परिवार बधाई का पात्र है।
शिक्षा जगत के दिग्गज रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रबंधक रमाकांत वर्मा ने सभी अतिथियों को बुके, माला एवं मेमेंटो देकर सम्मानित किया। समारोह में जिला सहकारी बैंक आजमगढ़ के चेयरमैन लक्ष्मण मौय, सर्वोदय ग्रुप ऑफ एजुकेशन के डायरेक्टर राजेन्द्र प्रसाद यादव, जयनाथ मेमोरियल डिग्री कॉलेज के प्रबंधक सुरेन्द्र मौर्य सहित जिले के अनेक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
टीमवर्क से बना आयोजन यादगार
कार्यक्रम को सफल बनाने में रंगकर्मी सुनील दत्त विश्वकर्मा, कार्यक्रम प्रभारी रुचि श्रीवास्तव, उपप्रधानाचार्या प्रीति श्रीवास्तव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में प्रधानाचार्य ध्रुव चन्द मौर्य ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

0 Comments