लखनऊ। प्रदेश के हरदोई जिले में कोतवाली पर प्रशासन का बुलडोजर चला है। दरअसल, कोतवाली की इमारत का एक हिस्सा कोर्ट की जमीन पर बना था। जिसके चलते अब इस हिस्से को बुलडोजर से गिराया गया। ये पूरी कार्रवाई जिला जज और हाई कोर्ट के आदेश के बाद की गई है। बुलडोजर एक्शन के समय मौके पर एसडीएम, तहसीलदार अधिशासी अधिकारी और प्रभारी निरीक्षक मौजूद रहे।
बता दें कि पूरा मामला शाहाबाद कोतवाली का है। जहां मुंसिफ कोर्ट की जमीन पर अवैध रूप से बना कोतवाली भवन का आधा हिस्सा बीते दिन बुलडोजर से गिरा दिया गया। इस घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। जिनमें देखा जा सकता है कि कैसे पुलिस थाने के भवन पर बुलडोजर चल रहा है।
मालूम हो कि शाहाबाद तहसील में कोतवाली से लगा हुआ मुंसिफ कोर्ट बना हुआ है उसी की कुछ जमीन खाली पड़ी हुई थी। मुंसिफ कोर्ट की इमारत तो पिछले दो दशक से बनी हुई है लेकिन इसमें कोई कामकाज नहीं होता है। इसके कुछ हिस्से पर स्टाम्प वेंडर और वकीलों ने कब्जा कर रखा था। कोतवाली के लोगों ने भी कोर्ट की ही जमीन पर महिला हेल्प डेस्क और दारोगा का ऑफिस बना लिया था।

0 Comments