वीआरएस के बाद आज भाजपा में शामिल होंगे ईडी के संयुक्त निदेशक राजेश्वर सिंह



लखनऊ। यूपी में नौकरी छोड़कर राजनीति में जुड़ने वाले अधिकारियों की सूची में अब राजेश्वर सिंह का नाम भी जुड़ गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) लखनऊ के संयुक्त निदेशक राजेश्वर सिंह ने सोमवार को अपना वीआरएस (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना) आवेदन स्वीकृत होने के बाद ट्वीट कर इसकी घोषणा भी कर दी। लिखा है कि अब मैं राजनीति के क्षेत्र में पदार्पण करना चाहता हूं। लगभग 24 वर्षों की सरकारी सेवा कर चुके राजेश्वर सिंह का अभी 11 वर्ष का सेवाकाल शेष था। माना जा रहा है कि राजेश्वर सिंह मंगलवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्हें लखनऊ की सरोजनीनगर सीट या फिर गृह जिले सुलतानपुर से भाजपा प्रत्याशी बना सकती हैं।

प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) के 1994 बैच के अधिकारी राजेश्वर सिंह लखनऊ में सीओ गोमतीनगर व सीओ महानगर के पद पर तैनात रहे। प्रयागराज में भी अहम पदों पर जिम्मेदारी संभाली। राजेश्वर वर्ष 2009 में प्रतिनियुक्ति पर ईडी में गए थे और बाद में उन्हें ईडी में समायोजित कर लिया गया था। लगभग 10 वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस में और 14 वर्ष ईडी में अपनी सेवाएं देने के बाद अब वह नौकरी छोड़कर दूसरी पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। तेजतर्रार अधिकारियों में गिने जाने वाले राजेश्वर सिंह को ईडी के दिल्ली मुख्यालय की कुछ अहम जांचों का जिम्मा सौंपा गया था।

Post a Comment

0 Comments