पूर्वाचल की उर्वरा भूमि का लाभ उठाएं किसान, वैज्ञानिक विधि अपना कर आय करें दोगुनीः डीएम



शरद गुप्ता
आजमगढ़। सिधारी स्थित राहुल सांकृत्यायन प्रेक्षागृह में मंगलवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत किसान गोष्ठी-प्रदर्शनी का शुभारम्भ फीता काटकर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए नवोन्मेषी प्रयोग करने पर बल देते हुए दो से अधिक फसल लेने और पारंपरिक खेती से आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने सहफसली खेती के अनुसंधानों और एक पौधे में अधिक तरह के उत्पादन अपनाने की जरूरत को बताया। उन्होने कहा कि पूर्वांचल की भूमि की उर्वरा शक्ति वरदान के रूप में मिली है, इसका पूरा लाभ उठाना चाहिए। जिलाधिकारी ने कृषि निवेशों के प्रबन्धन के जरिए लागत कम करने और उत्पादन बढाने की आवश्यकता के बारे में बताया। उन्होने जैविक खेती और अध्यात्म के समन्वय की चर्चा करते हुए किसानों के जीवन में खुशहाली पर बल दिया। गोष्ठी में लगाये गये विभागीय स्टॉल पर उत्साहवर्धन किया गया।

आय दोगुनी करने के तरीकों की दी जानकारी

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसंख्या के बढ़ने से खेती योग्य जमीन कम होती जा रही है, इसलिए आधुनिक तरीके से खेती पर बल देना होगा और नई तकनीक का प्रयोग कर खेतों मे फसलों की अधिक पैदावार की जा सकती है। साथ ही खेतों में रसायनों, किटनाशकों का प्रयोग कम करना होगा तथा खेती करने के लिए वैज्ञानिक विधि को अपनाने की आवश्यकता है। योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ मुख्य रूप से सिंचाई दक्षता बढाये जाने हेतु माइक्रोइरीगेशन सिंचाई तकनीकी, जैविक खेती एवं किसानो की आय दोगुनी करने हेतु वैज्ञानिकों द्वारा तकनीकी जानकारी दी गयी।




40 किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

गोष्ठी में जिलाधिकारी को उपनिदेशक उद्यान, मनोहर सिंह व जिला उद्यान अधिकारी श्रीमती ममता सिंह यादव ने जरबेरा और एंटी राइनम का पौध स्मृति चिन्ह के रूप में भेट किया। जिला कृषि अधिकारी गगनदीप सिंह ने फसल बीमा सहित अन्य किसान उपयोगी विषय के बारे में विस्तार से चर्चा किया। गोष्ठी में कृषि विज्ञान केन्द्र कोटवा के प्रभारी डॉ0 आरके सिंह, डॉ0 आरपी सिंह, डॉ0 अखिलेश कुमार यादव, जिला कृषि रक्षा अधिकारी सुधीर सिंह, वरिष्ठ गन्ना निरीक्षक अशोक वर्मा, एनएफएसएम के सलाहकार डॉ0 रामकेवल यादव, कार्यकारी मत्स्य पालन अधिकारी व राकेश पाण्डेय ने आधुनिक तकनिक से खेती करने के बारे में किसानों को जानकारी दी। इस मौके पर 40 किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अन्त में उप निदेशक उद्यान मनोहर सिंह एवं जिला उद्यान अधिकारी श्रीमती ममता यादव ने समस्त आगुन्तकों का आभार प्रकट किया।

Post a Comment

0 Comments