पारिवारिक विवाद में युवक पर चाकू से हमला करने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार... कोतवाली क्षेत्र के ककरहटा गांव में हुई थी घटना!



आजमगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र के ककरहटा गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को ककरहटा गांव निवासी अफजाल पुत्र एखलाक अहमद ने तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि उनके भाई अंसार अहमद और भतीजे हामिद ने उनके पुत्र एहतेशाम के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसी दौरान जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर उसकी पीठ पर वार कर दिया गया। घटना में एहतेशाम गंभीर रूप से घायल हो गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 585/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 115(2), 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक मिथिलेश प्रजापति, चौकी प्रभारी बलरामपुर, ने पुलिस टीम के साथ दोनों आरोपितों को ककरहटा गांव से सोमवार शाम करीब 3:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक चाकू बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अंसार अहमद (60) पुत्र एखलाक अहमद और उसके पुत्र हामिद (22), दोनों निवासी ककरहटा, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मिथिलेश प्रजापति, कांस्टेबल भूपेंद्र, सुमित कुमार, जितेंद्र और राहुल पांडेय शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments