मृतक की पहचान 57 वर्षीय रामचंद्र यादव पुत्र होरी यादव के रूप में हुई है। सुबह कार्यालय परिसर स्थित उनके कमरे में शव मिलने के बाद मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने आत्महत्या की आशंका जताई, लेकिन भाजपा पदाधिकारियों ने इस चर्चा को खारिज करते हुए हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही।
भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे रामचंद्र यादव के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो लोगों को आशंका हुई। किसी तरह दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर उनका शव पड़ा मिला। उन्होंने बताया कि रामचंद्र यादव करीब 35 वर्षों से पार्टी से जुड़े थे। पुराने भाजपा कार्यालय में भी वह जिम्मेदारी संभालते रहे और वर्ष 2019 में नया कार्यालय बनने के बाद से कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्य कर रहे थे।जिलाध्यक्ष ने कहा कि रामचंद्र यादव के निधन से पार्टी के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी दुखी हैं। उनका अंतिम संस्कार राजघाट पर किया जाएगा। निधन के चलते पार्टी के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि मृतक रामचंद्र यादव (57) पुत्र होरी यादव थे। प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

0 Comments