लखनऊ। प्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। तबादलों में जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी, विशेष सचिव और विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, एलडीए के उपाध्यक्ष रहे प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
सीतापुर के जिलाधिकारी राजागणपति आर को सूडा का निदेशक बनाया गया है। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी अब वाराणसी के नगर आयुक्त होंगे। विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।
गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। अयोध्या के सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह भी यीडा में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगे। यीडा में तैनात राजेश कुमार को अयोध्या का नया सीडीओ बनाया गया है। डॉ. नितिन मदान को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
दो जिलों के डीएम बदले
महाराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर और सिद्धार्थनगर के डीएम शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज का जिलाधिकारी बनाया गया है। मुजफ्फरनगर के डीएम उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह अब मुजफ्फरनगर के डीएम होंगे। मेरठ की सीडीओ नूपुर गोयल को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
फतेहपुर, बिजनौर और श्रावस्ती में भी बदलाव
फतेहपुर के सीडीओ पवन कुमार मीना को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। विभाग में विशेष सचिव रहे जोगिंदर सिंह को बिजनौर का डीएम बनाया गया है। बिजनौर के डीएम उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। पूनम निगम फतेहपुर की नई सीडीओ होंगी।
श्रावस्ती के सीडीओ शाहिद अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में अपर निदेशक बनाया गया है। शिशिर कुमार सिंह श्रावस्ती के नए सीडीओ होंगे। अलीगढ़ के सीडीओ योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद का सीडीओ बनाया गया है, जबकि फिरोजाबाद के सीडीओ शोहन वैश्य को यीडा में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी मिली है।
मंडलों और नगर निगमों में भी बदलाव
बरेली मंडल के अपर आयुक्त मनोज कुमार को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। अतुल कुमार बरेली मंडल के अपर आयुक्त होंगे। मंजूलता को मुरादाबाद नगर निगम का अपर नगर आयुक्त और प्रतिभा सिंह को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा यमुना और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी कई एसीईओ की तैनाती बदली गई है। नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी का भी तबादला किया गया है और बरेली की अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा की एसीईओ बनाया गया है।



0 Comments