लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईएएस और चार पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी हैं। वाराणसी और कानपुर के मंडलायुक्तों की अदला-बदली के साथ छह जिलों के जिलाधिकारी भी बदल दिए गए हैं। शासन के इस फैसले से प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।
जारी आदेश के अनुसार कानपुर के मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन को वाराणसी का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को कानपुर भेजा गया है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रविकुमार एनजी को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का सीईओ तथा आयुक्त एवं निदेशक उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग बनाया गया है। डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का नया सीईओ नियुक्त किया गया है। श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को वस्त्र उद्योग से जुड़े कई निगमों का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
6 जिलों के जिलाधिकारियों की बदली जिम्मेदारी*
अनिल कुमार सिंह को भदोही, शैलेश कुमार को चंदौली, रमेश रंजन को गोंडा, उमेश मिश्रा को जौनपुर, मनोज कुमार राय को श्रावस्ती और प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव, गोंडा की डीएम प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव नगर विकास और जौनपुर के डीएम सैमुएल पॉल एन को सहकारिता विभाग में अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) बनाया गया है। श्रावस्ती की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा शामली के डीएम आलोक यादव को विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स नियुक्त किया गया है।
चार पीसीएस अधिकारियों में रेणुका दीक्षित को शामली, अभिनव पाठक को प्रयागराज मेला प्राधिकरण और सौम्या मिश्रा को आगरा में नई तैनाती दी गई है। डॉ. विश्व भूषण मिश्र को स्थानीय निकाय निदेशालय में संयुक्त निदेशक बनाया गया है।


0 Comments