9,988 बिना हेलमेट और 2,779 तीन सवारी के चालान, 22.85 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला
वाराणसी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए वाराणसी जोन पुलिस ने 16 नवंबर को विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के निर्देशन में शाम चार से छह बजे तक जोन के सभी नौ जनपदों में चले अभियान के दौरान 34,355 वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 9,988 चालकों और दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 2,779 चालकों का चालान किया। इसके अलावा 188 वाहन सीज किए गए तथा 22,85,700 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की सघन जांच के साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
जनपदवार कार्रवाई में चंदौली में 2,229 वाहनों की जांच कर 716 बिना हेलमेट और 194 तीन सवारी के चालान किए गए। गाजीपुर में 2,932 वाहनों की जांच, 520 बिना हेलमेट और 168 तीन सवारी के चालान तथा 26,000 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। जौनपुर में 6,805 वाहनों की जांच के दौरान 2,714 बिना हेलमेट और 346 तीन सवारी के चालान किए गए।
दूसरे परिक्षेत्र में आजमगढ़ में सर्वाधिक 9,151 वाहनों की जांच हुई। यहां 2,309 बिना हेलमेट और 548 तीन सवारी के चालान किए गए तथा 60 वाहन सीज किए गए। मऊ में 4,687 और बलिया में 2,730 वाहनों की जांच की गई। मीरजापुर में 3,556 वाहनों की जांच कर 936 बिना हेलमेट और 318 तीन सवारी के चालान किए गए तथा 13 वाहन सीज किए गए। सोनभद्र में 948 और भदोही में 1,317 वाहनों की जांच की गई। तीसरे परिक्षेत्र में कुल 5,821 वाहनों की जांच हुई और 15 वाहन सीज किए गए।
अपर पुलिस महानिदेशक ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना पुलिस की प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। वाराणसी जोन पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

0 Comments