आजमगढ़ : गांधी-शास्त्री के विचारों से विद्यार्थियों को कराया परिचित...

वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में जयंती समारोह, सत्य-अहिंसा और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश !



आजमगढ़। वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण से परिचित कराया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का वातावरण रहा।
समारोह की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह, संरक्षक अरविंद कुमार सिंह और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने तख्तियों और पोस्टरों के माध्यम से गांधी और शास्त्री के विचारों को प्रस्तुत किया। सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, देशभक्ति के साथ ही जवानों और किसानों के सम्मान से जुड़े संदेशों ने कार्यक्रम को विशेष बनाया। नन्हे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को सरल तरीके से समझाने का प्रयास किया गया।
सादगी और कर्तव्यनिष्ठा से सीख लेने का आह्वान
प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन मूल्यों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखने, बल्कि अपने आचरण में शामिल करने का आह्वान किया।
लाल बहादुर शास्त्री के प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान, जय किसान’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और समृद्धि में सैनिकों और किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेने तथा माता-पिता, गुरुजनों और राष्ट्र के प्रति सम्मान का भाव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लेने के लिए कहा। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों को राष्ट्रहित और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में आयशा तैयब, डा. शोमिता श्रीवास्तव, सोनम सिंह, अनीता सिंह, आरती सिंह, कुमकुम दुबे, ई. इंद्रजीत साहनी, प्रद्युम्न विश्वकर्मा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments