निदेशक शिवम तिवारी ने किया दीप प्रज्ज्वलन, शिक्षक-शिक्षिकाओं ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
आजमगढ़। SNRD पब्लिक स्कूल में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक शिवम तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
निदेशक शिवम तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और अनुशासित समाज की आधारशिला माना था। उनके विचारों को केवल आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय दैनिक जीवन में उतारने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर के साथ विद्यालय, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने शिक्षक-शिक्षिकाओं से स्वच्छता का संदेश परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
झाड़ू लगाकर दिया जागरूकता का संदेश
गांधी जयंती के अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। निदेशक सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने, कूड़ेदान का इस्तेमाल करने और प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रधानाचार्य संदीप गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन तक सीमित रहने वाला अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बदलाव की शुरुआत स्वयं से करने के बाद ही परिवार और समाज के अन्य लोगों को इसके लिए प्रेरित किया जा सकता है।
अलग-अलग कूड़ेदानों की दी जानकारी
अध्यापिकाओं सुनीता शर्मा, रेहाब खान और मीना जैसवार ने कचरा प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने हरे, नीले, लाल और काले रंग के कूड़ेदानों के उपयोग तथा अलग-अलग प्रकार के कचरे को निर्धारित कूड़ेदान में डालने के महत्व को समझाया। कार्यक्रम में साहब जाँ, राकेश यादव, विनय गिरी, हर्षदीप, अतुल, दीपक, प्रदीप, अब्दुल मन्नान, सविता, साक्षी, सुजाता, स्वेता, प्रतिमा, उजमा, संघमित्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने स्वच्छता को जीवन का नियमित हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

0 Comments