आजमगढ़: सर्वाेदय पब्लिक स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य और सादगी का संदेश..

प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव बोले- महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि


आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वाेदय पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव और निदेशिका कंचन यादव ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर की। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने दोनों महापुरुषों के विचारों को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष और योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों ने अपने आचरण और विचारों से देश को नई दिशा दी। उनके जीवन से सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। शिक्षकों ने ‘दे दी हमें आजादी बिना खड़्ग बिना ढाल’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ जैसे गीतों का सामूहिक गायन प्रस्तुत किया। गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन और गांधीजी के मानवीय विचारों से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आपसी मतभेदों के बावजूद समाज में सहिष्णुता, प्रेम और भाईचारा बनाए रखना जरूरी है। सत्य, अनुशासन और ईमानदारी को जीवन का आधार बनाकर ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों को समझना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments