लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया है। कुछ दिन पहले आकाश आनंद ने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी में दोबारा सक्रिय भूमिका देने का अनुरोध किया था। पार्टी नेताओं की राय और उनके अनुरोध पर विचार के बाद मायावती ने उन्हें पुरानी जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया।
मायावती ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के संघर्ष व आदर्श बहुजन समाज के लिए प्रेरणा हैं। पार्टी और बहुजन समाज का हित सर्वाेपरि है। संगठन में अनुशासन बनाए रखने के लिए समय-समय पर कड़े फैसले लेने पड़ते हैं।
उन्होंने आकाश आनंद के व्यवहार और कार्यशैली में आए बदलाव का भी उल्लेख किया। मायावती के मुताबिक, आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली में बदलाव देखने को मिला। हाल में आकाश ने एक्स पर मायावती को अपनी राजनीतिक गुरु बताते हुए पार्टी में दोबारा काम करने की इच्छा जताई थी।
मायावती ने बताया कि पार्टी के अधिकांश नेताओं ने आकाश को पहले वाली जिम्मेदारियों के साथ दोबारा काम करने का अवसर देने पर सहमति जताई। उन्होंने आकाश के पिता आनंद कुमार और छोटे भाई ईशान आनंद की सहमति का भी जिक्र किया।
गौरतलब है कि सितंबर में मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से अलग कर दिया था। इसके बाद उनके छोटे भाई ईशान आनंद को राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया था। अब आकाश की दोबारा नियुक्ति के साथ बसपा संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका लौट आई है।

0 Comments