UP राज्यसभा के लिए भाजपा ने उतारे आठ नए चेहरे...तीन ओबीसी, दो दलित और दो ब्राह्मण चेहरे पर दांव!



लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर 16 अक्टूबर को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए भाजपा ने सोमवार को आठ प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति से मंजूर सूची में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पाण्डेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा की सूची में इस बार सभी आठ नए चेहरे हैं। पार्टी ने राज्यसभा के मौजूदा सदस्यों में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा समेत किसी को दोबारा प्रत्याशी नहीं बनाया है।
सामाजिक और सांगठनिक समीकरण पर जोर
भाजपा की घोषित सूची में तीन ओबीसी, दो दलित और तीन सामान्य वर्ग के चेहरे हैं। ओबीसी वर्ग से धर्मपाल सिंह, प्रकाश पाल और श्रुति गंगवार को प्रत्याशी बनाया गया है। धर्मपाल सिंह लोधी समाज से आते हैं और आंवला से भाजपा विधायक व प्रदेश सरकार में मंत्री हैं। प्रकाश पाल भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। श्रुति गंगवार बरेली क्षेत्र में संगठनात्मक और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी रही हैं।
राधाकांत ओझा और गोपी कृष्ण पाण्डेय ब्राह्मण चेहरे हैं। राधाकांत ओझा वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। गोपी कृष्ण पाण्डेय लंबे समय से भाजपा के संगठनात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं।
विद्यासागर सोनकर और प्रियंका सिंह रावत दलित समाज से आते हैं। सोनकर पूर्व लोकसभा सदस्य और विधान परिषद सदस्य रह चुके हैं। प्रियंका सिंह रावत बाराबंकी से 2014 में लोकसभा सदस्य चुनी गई थीं और वर्तमान में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। राम प्रताप सिंह चौहान भाजपा के प्रदेश महामंत्री हैं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह एत्मादपुर विधानसभा सीट से विधायक भी रह चुके हैं।
10 सीटों पर होना है चुनाव
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर को होगा। नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर निर्धारित है। भाजपा ने अभी आठ प्रत्याशियों की घोषणा की है। सपा राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवाणी को प्रत्याशी बना चुकी है। न्च्भाजपा की सूची में संगठन से जुड़े नेताओं के साथ महिला और विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों को स्थान दिया गया है। राज्यसभा चुनाव की तस्वीर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद और स्पष्ट होगी।

Post a Comment

0 Comments