पौहारी बाबा मंदिर से चोरी 20 घंटे बरामद, एक लाख नकद और दो वाहन मिले; आजमगढ़-गाजीपुर की तीन घटनाओं का खुलासा
आजमगढ़। मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी कर उन्हें कबाड़ी के हाथ बेचने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का मेहनगर और तरवां पुलिस ने पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर पौहारी बाबा मंदिर से चोरी किए गए 20 पीतल के घंटे, एक लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। पूछताछ में आजमगढ़ की दो और गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र की एक मंदिर चोरी का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर की रात पौहारी बाबा मंदिर से 11 और एक अक्टूबर की रात नौ पीतल के घंटे चोरी हुए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह और चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्ति के बारे में सुराग मिला।
03/04 अक्टूबर की रात विशुनपुरा मोड़ के पास पुलिस को सूचना मिली कि दो वाहनों में चोरी के घंटे रखकर उन्हें एक वाहन से दूसरे में स्थानांतरित किया जा रहा है। घेराबंदी कर पुलिस ने मौके से श्याम गुप्ता, प्रेम कुमार, पप्पू राम, हर्ष गुप्ता, सतीश कुमार और अतुल कसेरा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरोह ने 7 अगस्त को सैदपुर क्षेत्र के एक मंदिर से चार पीतल के घंटे चोरी करने की बात भी बताई। आरोपित चोरी के घंटे करीब 860 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचते थे।
बरामद नकदी में प्रेम से 50 हजार, श्याम से 46 हजार और हर्ष से चार हजार रुपये मिले। पुलिस अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं से भी गिरोह के तार जोड़कर जांच कर रही है।

0 Comments