आजमगढ़ : पांडेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब... श्रीकृष्ण बरही उत्सव में भजन-कीर्तन और रासलीला ने बांधा समां!




आजमगढ़। माखन-चोर की मोहक छवि, बाल गोपाल का मनोहारी श्रृंगार और चारों ओर गूंजते राधे-राधे व जय श्रीकृष्ण के जयकारों से बुधवार को ग्राम मोजरापुर स्थित प्राचीन श्री पांडेश्वर नाथ मंदिर भक्तिरस से सराबोर रहा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपरांत आयोजित श्रीकृष्ण बरही उत्सव में दर्शन-पूजन के लिए स्थानीय समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बरही उत्सव को लेकर मंदिर परिसर को फूलों, दीपों और रंग-बिरंगी झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का विशेष श्रृंगार कर उन्हें झूले पर विराजमान कराया गया। वेद मंत्रोच्चारण और श्रीकृष्ण स्तुति के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद देर तक चले भजन-कीर्तन और संकीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।
स्थानीय कलाकारों ने बाल गोपाल की विभिन्न लीलाओं का मंचन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। बच्चों ने राधा-कृष्ण तथा गोप-गोपियों की वेशभूषा में रासलीला प्रस्तुत की, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। भगवान के बाल स्वरूप के दर्शन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच मंदिर परिसर में आस्था और उल्लास का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजक प्रमुख समाजसेवी रामचंद्र यादव एवं भाजपा नेता संजय कुमार यादव ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण बरही का आयोजन कई वर्षों से निरंतर होता आ रहा है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और भक्ति की आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार वर्मा, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, मंतराज यादव सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Post a Comment

0 Comments