भाजपा ने एमएलसी चुनाव के लिए 6 प्रत्याशी घोषित किए... तीन स्नातक और तीन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार तय, 23 अक्टूबर को होगा मतदान !



लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की छह सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए। पार्टी ने तीन स्नातक और तीन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे हैं। भाजपा की ओर से जारी सूची के अनुसार वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से केदार नाथ सिंह, मेरठ स्नातक से दिनेश गोयल और इलाहाबाद-झांसी स्नातक से अशोक कुमार राठौर को प्रत्याशी बनाया गया है।
इसी तरह वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्रा, आगरा शिक्षक से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी तथा गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से ध्रुव त्रिपाठी को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
23 अक्टूबर को मतदान
उत्तर प्रदेश में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव होना है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और छह अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच तथा नौ अक्टूबर को नाम वापसी होगी। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। भाजपा की छह उम्मीदवारों की घोषणा के साथ इन सीटों पर चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अन्य दलों की ओर से प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाने के बाद मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होगी।

Post a Comment

0 Comments