आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के खजूरी गांव के पास मंगलवार सुबह शारदा सहायक 32 नहर के माइनर में पानी में डूबा अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। माइनर मड़ना-अभयपुर की ओर जाता है। पुलिया के पास लबालब पानी में शव देखकर खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने आसपास के लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। मृतक की जेब से 20 रुपये का एक नोट मिला है। इसके अलावा पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या अन्य सामान नहीं मिला। प्रथम दृष्टया शरीर पर चोट के निशान भी नहीं मिले हैं।
पुलिस को आशंका है कि मृतक आसपास के क्षेत्र का रहने वाला हो सकता है। संभव है कि माइनर के किनारे पहुंचने के दौरान पैर फिसलने से वह पानी में गिर गया हो। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बताया गया कि घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर गौरी की ओर मुख्य नहर है। पुलिस आसपास के गांवों में मृतक की पहचान कराने के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह माइनर तक कैसे पहुंचा।
लगातार दूसरे दिन मिला अज्ञात शव
जनपद में लगातार दूसरे दिन अज्ञात शव मिलने से पुलिस की चुनौती बढ़ गई है। सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास सर्विस रोड किनारे खाई में एक युवक का शव बरामद हुआ था। प्रथम दृष्टया युवक की हत्या के बाद शव वहां फेंके जाने की आशंका जताई गई थी। उसकी भी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। लगातार दो दिनों में मिले दोनों अज्ञात शवों की पहचान कराने के लिए पुलिस आसपास के थानों और गांवों से जानकारी जुटा रही है।

0 Comments