गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर 23 अक्टूबर को मतदान...

29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना, 27 अक्टूबर को होगी मतगणना; आजमगढ़ में आचार संहिता लागू!


आजमगढ़, 22 सितंबर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्वाचित सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल छह दिसंबर 2026 को समाप्त होने के कारण रिक्त होने वाली सीट के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया है। इसके साथ ही आजमगढ़ जिले में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी, जबकि प्रत्याशी नौ अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी, आजमगढ़ ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ जिले में आदर्श आचार संहिता के प्रावधान प्रभावी हो गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के 26 दिसंबर 2016 के निर्देशों के अनुरूप संबंधित विभागों, राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और अन्य संबंधित पक्षों को आचार संहिता का पालन करना होगा।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित सभी निर्वाचन गतिविधियां आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित की जाएंगी।

Post a Comment

0 Comments