सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से हुई जोरदार टक्कर, पांच वर्षीय मासूम समेत दोनों ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
मऊ। दोहरीघाट-आजमगढ़ मार्ग पर दोहरीघाट कस्बे के पास शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में बाइक सवार चाचा और पांच वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। एक साथ चाचा-भतीजे की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
दोहरीघाट कस्बे के वार्ड नंबर एक स्थित खटीक टोला निवासी 30 वर्षीय आयुष चौहान पुत्र डॉ. घूरभारी चौहान शुक्रवार को अपने पांच वर्षीय भतीजे कुनाल चौहान पुत्र डॉ. मोतीचंद चौहान को लेकर नई बाजार की ओर गया था। देर शाम दोनों बाइक से दोहरीघाट लौट रहे थे। आजमगढ़ मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक अनियंत्रित हुई बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आयुष और कुनाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन हालत गंभीर बनी रही। देर रात उपचार के दौरान आयुष चौहान और पांच वर्षीय कुनाल चौहान ने दम तोड़ दिया। दोनों की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।
शनिवार सुबह पुलिस टीम मृतकों के घर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस टीम काफी देर तक परिजनों को समझाने में जुटी रही।
थानाध्यक्ष रामायण सिंह ने बताया कि मार्ग दुर्घटना में चाचा-भतीजे की मौत हुई है। परिजन पोस्टमार्टम कराने से मना कर रहे हैं। उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

0 Comments