कादीपुर के कुंभी डडिया गांव में वारदात, धारदार हथियार से हमला; मौके से कुल्हाड़ी बरामद, जांच में जुटीं पुलिस की कई टीमें
सुल्तानपुर। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डडिया गांव में मंगलवार सुबह शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं प्रधानाध्यापक मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह की हत्या से सनसनी फैल गई। दोनों के शव उनके शिक्षण संस्थान परिसर में मिले। प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कुल्हाड़ी समेत अन्य हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के अनुसार, सुबह पति-पत्नी के शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना प्रभारी, क्षेत्राधिकारी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर विनीता सिंह की पहचान निजी स्कूल चलाने वाली संचालिका के रूप में, जबकि मुकेश सिंह की पहचान सरकारी विद्यालय में प्रधानाध्यापक के रूप में हुई।
स्कूल परिसर से भागे तो रास्ते में हमला
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले विनीता सिंह पर फावड़े और कुल्हाड़ी से हमला किया। बताया जा रहा है कि मुकेश सिंह जान बचाने के लिए स्कूल परिसर से बाहर भागे, लेकिन हमलावरों ने करीब 150 मीटर दूर उन्हें भी घेर लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू बरामद किए हैं। हालांकि हत्या का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
मुकेश सिंह कंपोजिट विद्यालय खनुहट में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। वह वर्ष 2009 में सहायक अध्यापक बने थे। इससे पहले शिक्षा मित्र के रूप में कार्यरत थे। वह वर्ष 2013 से लगातार मोतिगरपुर में शिक्षक संघ के अध्यक्ष बताए जा रहे हैं। वर्ष 2002 में उन्होंने गांव में मनराजी शिक्षण संस्थान की स्थापना की थी, जहां वह पत्नी के साथ रहते थे।
पत्नी लड़ चुकी थीं जिला पंचायत चुनाव
विनीता सिंह पूर्व में जिला पंचायत चुनाव भी लड़ चुकी थीं। वर्तमान में वह अपना इंटर कॉलेज चला रही थीं। दंपती का 20 वर्षीय बेटा दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा है। मुकेश सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई अवधेश सिंह गाजीपुर के पीजी कॉलेज में शिक्षक हैं, जबकि दूसरे भाई अखिलेश सिंह लखनऊ के कोआपरेटिव बैंक में कार्यरत हैं।
कई टीमें जांच में जुटीं
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट, एसओजी और सर्विलांस प्रभारी को बुलाया गया है। घटना के पर्दाफाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस परिजनों से संपर्क कर जानकारी जुटा रही है और हत्या के कारणों के साथ आरोपितों की पहचान के लिए घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है।

0 Comments