घर से निकला अरमान फिर नहीं लौटा, सुबह बगीचे में पेड़ से लटका मिला शव!

हरईरामपुर में घटना से पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल; पुलिस ने शुरू की जांच


आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हरईरामपुर गांव में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। गांव के सिवान में स्थित बगीचे में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। सुबह बगीचे की ओर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। बाद में फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
शव को पेड़ से नीचे उतारने के बाद उसकी पहचान 40 वर्षीय अरमान पुत्र अमीन निवासी हरईरामपुर के रूप में हुई। अरमान की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक अरमान पहले सैलून चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
रात में घर से निकला था, सुबह मिली मौत की खबर
मृतक की पत्नी सूफियाना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अरमान पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे और उनका इलाज भी कराया जा रहा था। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकल गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने रात में ही आसपास और परिचितों के यहां उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह होते ही गांव में खबर फैली कि सिवान के बगीचे में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ है। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो उनकी आंखों के सामने अरमान का शव था। जिस व्यक्ति की रातभर तलाश की जा रही थी, उसकी सुबह इस हालत में मौत की खबर ने परिवार को भीतर तक झकझोर दिया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाके की छानबीन की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद हरईरामपुर गांव में दिनभर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। वहीं, अरमान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रात तक घर में मौजूद व्यक्ति का सुबह इस तरह दुनिया से चले जाना परिजनों और ग्रामीणों के लिए गहरे सदमे का कारण बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments