आजमगढ़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद, नई दिल्ली द्वारा कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस अवसर पर सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे छात्रों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार में अत्यधिक उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
इस परीक्षा में विद्यालय के मेधावी छात्र विनीत कुमार जायसवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 97.4% अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया। इसके अतिरिक्त प्रियांशु दूबे ने 97% अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान, गरिमा यादव ने 96.8% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान तथा दृष्टि यादव ने 96.4% अंक प्राप्त कर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। अन्य छात्रों का प्रदर्शन भी अत्यंत सराहनीय रहा। कक्षा 10वीं में उत्तीर्ण छात्रों में 95% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 18 छात्र एवं 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 96 छात्र रहे।
विद्यालय के बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल, अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव, उप-प्रधानाचार्य तरणी श्रीवास्तव एवं विद्यालय समन्वयक धीरेन्द्र भारद्वाज सहित अन्य सदस्यों ने विद्यालय प्रांगण में उपस्थित मेधावी छात्रों को मिठाई खिलाकर हार्दिक बधाई दी। छात्रों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने कहा कि यह परीक्षा परिणाम छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के अथक परिश्रम, लगन और त्याग का प्रतिफल है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि छात्र भविष्य में भी निरंतर नई ऊँचाइयों को छुएंगे और अपना भविष्य उज्ज्वल बनाएंगे। अंत में उन्होंने समस्त विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

0 Comments