आजमगढ़। स्थानीय नवीन सरस्वती इंटर कॉलेज, कोलबाजबहादुर का 38वां वार्षिकोत्सव सोमवार को धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत और गणेश वंदना से हुई, जिसने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय प्रबंधक राम प्रसाद यादव ने स्थापना से लेकर अब तक के 38 वर्षों की उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सहजानंद राय को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविंद जायसवाल को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के क्रम में छात्रों ने फैमिली थीम सांग, माइकल जैक्सन डांस, मोबाइल थीम सांग, कव्वाली और शिव तांडव की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों को तालियां बजाने के लिए मजबूर कर दिया। इसके अलावा सांतनू की टीम ने कॉमेडी के माध्यम से देशभक्ति का प्रेरक संदेश दिया। कक्षा 11 के छात्रों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति नाटक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं।
इस दौरान विद्यालय स्थापना के प्रथम और द्वितीय वर्ष के पूर्व छात्रों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सहजानंद राय, अरविंद जायसवाल, राजेंद्र प्रसाद यादव, मणिरत्न अग्रवाल सहित हजारों लोग उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य नागेंद्र यादव ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

0 Comments