दिनदहाड़े युवक को दौड़ाकर मारी गोली...सीसीटीवी में कैद हुई घटना!



नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक-1 क्षेत्र के लुक्सर गांव में एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह घर के बाहर खड़ा था, जब स्थानीय कुछ युवकों ने उस पर गोली चलाई। बुरी तरह जख्मी युवक को परिजनों ने निजी अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल हो गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि ये घटना पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हुई है। आरोप है कि सचिन और उसके साथियों ने नितिन पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। ये पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में नजर आ रहा है कि हमलावर युवक नितिन के पीछे आ जाते हैं और खतरा महसूस होते ही नितिन दौड़ने लगता है। फिर हमलावर उसे पीछा करके गोली मार देते हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने वारदात की जगह का निरीक्षण कर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी, जिसके चलते यह घटना घटित हुई। पुलिस ने आरोपी सचिन और उसके अन्य साथियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान नितिन पुत्र फिरे सिंह निवासी लुक्सर गांव के रूप में हुई है। परिजनों ने कहा कि नितिन मंगलवार दोपहर अपने घर के बाहर खड़ा था, जब गांव का ही सचिन अपने दो साथियों संग वहां पहुंचा। आरोप है कि पुरानी दुश्मनी के कारण तीनों ने अचानक नितिन पर गोलीबारी शुरू कर दी। गोली लगने से नितिन खून से लथपथ होकर नीचे गिर पड़ा। घटना की वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग निकले।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजन और ग्रामीणों ने फौरन नितिन को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना पर परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल में महिलाएं और बुजुर्ग रोते हुए टूट पड़े। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक और आरोपी पक्ष के बीच पुरानी रंजिश लंबे अर्से से चली आ रही थी। हाल ही में एक आपराधिक केस में नितिन जेल जा चुका था और जमानत पर रिहा हुआ था। संदेह है कि इसी दुश्मनी के कारण आरोपी पक्ष ने बदला लेने के इरादे से हमला बोला। फिर भी पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments