आजमगढ़: एटलस पोखरा स्थित प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज में रंगों की धूम, बच्चों ने उत्साह के साथ खेली होली!




आजमगढ़ जनपद के एटलस पोखरा क्षेत्र में स्थित प्रतिभा निकेतन इंटर कालेज में होली पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिसर रंगों, गुलाल और बच्चों की खुशियों से सराबोर नजर आया। छात्र-छात्राओं ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ जमकर होली खेली और पर्व की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक रमाकान्त वर्मा ने छात्रों को होली के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, एकता और आपसी सद्भाव का प्रतीक है। होली हमें आपसी भेदभाव भूलकर एक-दूसरे को अपनाने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलाने की सीख देती है।
वहीं प्रधानाचार्य ध्रुव कुमार मौर्य ने छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यह मन के विकारों को दूर कर नई शुरुआत करने का अवसर है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से होली मनाएं तथा पढ़ाई के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को भी आत्मसात करें। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया, होली गीतों पर नृत्य किया और खुशियों के रंग बिखेरे। विद्यालय परिवार द्वारा मिठाइयों का भी वितरण किया गया। पूरे आयोजन में अनुशासन और आपसी सम्मान का विशेष ध्यान रखा गया।
इस रंगारंग आयोजन से विद्यालय का माहौल उल्लासपूर्ण हो गया और बच्चों के चेहरों पर होली की सच्ची खुशी साफ झलकती रही।

Post a Comment

0 Comments