SIR : लक्ष्य पूरा करने के तनाव में बीएलओ ने दी जान...तीन पेज के सुसाइड नोट में लिखा दर्द!



मुरादाबाद। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण SIR) अभियान के लक्ष्य का दबाव झेल रहे भोजपुर निवासी बीएलओ सर्वेश सिंह (42) ने शनिवार देर रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार तड़के परिवार ने उन्हें घर से कुछ दूरी पर स्थित पशुशाला में लटका पाया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें सर्वेश ने एसआईआर का लक्ष्य पूरा न कर पाने को तनाव का मुख्य कारण बताया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मृत्यु की पुष्टि हुई है।
भोजपुर थाना क्षेत्र के बहेड़ी ब्रह्मनान निवासी सर्वेश सिंह भगतपुर टांडा ब्लॉक के जाहिदपुर सीकमपुर कंपोजिट विद्यालय में सहायक अध्यापक थे और एसआईआर अभियान के लिए बूथ संख्या 406 के बीएलओ नियुक्त थे। शनिवार की रात उनकी पत्नी बबली, साले अरुण कुमार और भांजे मोनू देर रात तक सर्वेश के बताए एसआईआर डेटा की फीडिंग कर रहे थे। इसके बाद सभी सो गए। सुबह करीब चार बजे पत्नी ने देखा कि सर्वेश कमरे में नहीं हैं। खोजबीन के दौरान भांजे ने बाइक की रोशनी में उन्हें पशुशाला में फंदे से लटका देखा। परिवार ने रस्सी काटकर उतारा और चार निजी अस्पतालों में ले गए, पर हर जगह उन्हें मृत बताया गया।
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में शिक्षक और ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। दोपहर में महिलाओं ने अधिकारियों पर दबाव बनाने के आरोप लगाते हुए जाम लगा दिया। बाद में थाना प्रभारी ने समझाकर जाम खुलवाया। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि सर्वेश सिंह ने एसआईआर अभियान का 70% कार्य पूरा कर लिया था, जिसे विभागीय रूप से गुणवत्तापूर्ण माना जाता है। उन्होंने कहा कि बीएलओ के रिश्तेदार ही सुपरवाइजर थे और विभागीय दबाव के आरोप अभी तक साबित नहीं हुए हैं। घटना के कारणों की जांच पुलिस साक्ष्यों के आधार पर कर रही है। प्रशासन ने मृतक आश्रित कोटे से उनकी पत्नी को नौकरी देने, सरकारी देयों का तीन दिनों में भुगतान करने और बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की घोषणा की है।

Post a Comment

0 Comments