सीतापुर। सीतापुर जिला कारागार में बंद सपा नेता आजम खान मंगलवार सुबह करीब आठ बजे तक जेल से रिहा होंगे। वह 1 साल 11 महीने और 4 दिन बाद बाहर आ सकते हैं। आजम खान के रिहाई के परवाने सीतापुर जेल भेजे गए हैं। परवानों के सत्यापन के बाद मंगलवार को उनकी रिहाई तय मानी जा रही है। बता दें कि इसके पहले भी उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद भी आजम रिहा नहीं हो पाए। बीते शुक्रवार को उनकी रिहाई के कयास लगाए जाते रहे। बाद में रिहाई अटकने की एक खास वजह सामने आई। बताते चलें कि रामपुर के चर्चित क्वालिटी बार पर कब्जा करने के मामले में आजम खां की जमानत अर्जी गुरुवार को मंजूर कर ली गई थी। यह मुकदमा 2021 में राजस्व निरीक्षक की तरफ से दर्ज कराया गया था। इसके बाद रामपुर में दर्ज शत्रु संपत्ति के एक मामले में विवेचना के दौरान धाराओं को बढ़ा दिया गया। अब इस मामले में आजम खा को अपनी जमानत करानी पड़ेगी। ऐसे में उनकी रिहाई फिर से अटक गई। जेल अधीक्षक एसके सिंह ने बताया था कि कोर्ट से रिहाई से संबंधित कोई कागजात नहीं आए हैं। मुझे आजम खां की बढ़ी हुई धाराओं के बारे में भी कोई जानकारी नहीं है।
0 Comments