नई दिल्ली। बहुत कम लोगों को पता होगा कि भारत के महान उद्योगपति और परोपकारी रतन टाटा को चार बार प्यार हुआ, लेकिन उन्होंने शादी नहीं की। उनका बुधवार को 86 साल की उम्र में निधन हो गया। ब्लड प्रेशर में अचानक गिरावट के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। रतन टाटा ने अपने पीछे व्यापार और परोपकार की दुनिया में एक बेजोड़ विरासत छोड़ी है। अपनी पेशेवर उपलब्धियों से परे टाटा के निजी जीवन ने भी कई लोगों को हैरान किया है, खासकर अविवाहित रहने के उनके फैसले ने। सीएनएन के साथ एक पुराने इंटरव्यू में रतन टाटा ने अपनी प्रेम कहानी के बारे में खुलासा किया कि उन्हें चार बार प्यार हुआ और हर बार शादी करने के करीब पहुंचे। हालांकि, परिस्थितियों ने उन्हें हमेशा पीछे हटने पर मजबूर किया। उन्होंने उस समय को याद किया जब वह अमेरिका में रहते हुए किसी से शादी करने वाले थे, लेकिन 1962 के भारत-चीन संघर्ष ने सब कुछ बदल दिया। उस इंटरव्यू में टाटा ने बताया, जब मैं अमेरिका में काम कर रहा था, तब शायद यह सबसे गंभीर मामला था। हमारी शादी न होने का एकमात्र कारण यह था कि मैं भारत वापस आ गया था और उसे मेरे पीछे आना था। लेकिन वह भारत-चीन संघर्ष का वर्ष था। वह नहीं आई और उसने अंततः अमेरिका में किसी और से शादी कर ली। अभिनेत्री और टॉक शो होस्ट सिमी ग्रेवाल ने भी 2011 में टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में रतन टाटा को डेट करने की बात मानी थी। टाटा के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, वह परफेक्शन हैं, उनमें सेंस ऑफ ह्यूमर है, वह विनम्र हैं और एक परफेक्ट जेंटलमैन हैं। पैसा कभी भी उनकी प्रेरणा शक्ति नहीं रहा। हालांकि उनका रोमांस शादी तक नहीं पहुंचा, लेकिन दोनों करीबी दोस्त बने रहे।
0 Comments