रामलला दर्शनः जानिए आरती-दर्शन का समय, पढ़िए मंदिर आने और जरुरी सामान लाने से जुड़ी हर जानकारी!


अयोध्या। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में रामजी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया है। मंगलवार को नए मंदिर में पहले दिन करीब चार लाख लोगों ने दर्शन किए। इस वजह से श्रद्धालुओं को कुछ असहज स्थितियों का सामना करना पड़ा। बहुत से श्रद्धालु ठीक से दर्शन कर भी नहीं पाए। पुलिस प्रशासन को भी परेशान होना पड़ा। ऐसे में आपको सुझाव दे रहा है कि अपनी यात्रा शुरू करने से पहले श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से बात जरूर कर लें। ट्रस्ट की वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबरों के जरिये अयोध्या आने का सही समय पता कर लें। इसके बाद खुद विचार करें। फिर अयोध्या आएं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से दर्शन, आरती, पास, दान आदि की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। श्रद्धालु यहां से जानकारी हासिल कर सकते हैं।

ये है रामलला की दिनचर्या

रामलला के दर्शन सुबह 6.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक होंगे। हर दिन सुबह चार बजे मंगल गीतों से रामलला को जगाया जाएगा, फिर मंगला आरती की जाती है। भगवान दिन में दो घंटे दोपहर 12 बजे से दो बजे तक विश्राम करेंगे। दर्शन का समय अब भीड़ की स्थिति को देखते हुए बढ़ाया व घटाया जा सकता है। आरती में शामिल होने के लिए ट्रस्ट की ओर से पास जारी किया जाता है। अभी भक्त श्रृंगार, भोग व संध्या आरती में शामिल हो पाते हैं। पास के लिए ऑफलाइन व ऑनलाइन दोनों तरह की व्यवस्था है। राम जन्मभूमि पथ स्थित कैंप कार्यालय पर पास बनाया जाता है। यहां आधार कार्ड व अन्य पहचान पत्र देकर पास पूरी तरह से निरूशुल्क बनता है। ऑनलाइन पास बनवाने के लिए ट्रस्ट की वेबसाइट srjbtkshetra.org पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। सुबह की आरती के लिए 30, दोपहर और शाम की आरती के लिए 60-60 पास बनाए जाते हैं।

मंदिर में मोबाइल व इलेक्ट्रानिक सामान ले जाने पर रोक

राममंदिर में सुरक्षा कारणों से मोबाइल, पेन व इलेक्ट्रानिक सामान ले जाने पर पूरी तरह से रोक है। भक्त केवल पर्स व चश्मा लेकर जा सकते हैं। प्रसाद ले जाने की मनाही है। नारियल, फूल, माला या कोई अन्य वस्तुएं भक्त नहीं ले जा सकते। भक्तों को मंदिर परिसर में ही प्रसाद ट्रस्ट की ओर से वितरित किया जाता है। मंदिर में दान, आरती व पूजन की जानकारी ट्रस्ट से ली जा सकती है। इसके लिए मोबाइल नंबर 8009522111 या 05278-292000 पर संपर्क कर सकते हैं। टोल फ्री नंबर 1060-180-1992 भी है। इसके अलावा ट्रस्ट की वेबसाइट srjbtkshetra.org पर भी पूरी जानकारी उपलब्ध है।

Post a Comment

0 Comments