लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई में सोमवार (18 दिसंबर) को भीषण आग लग गई। पीजीआई के ओपीडी में आग लगने की घटना सामने आई है जिसमें दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं और एक महिला की मौत हो गई है। घायलों का इलाज चल रहा है। दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। डीआईजी (फायर) जुगल किशोर तिवारी ने कहा कि हमें दोपहर 12.58 बजे आग लगने की सूचना मिली और हम पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गए थे। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन पूरा फ्लोर जल गया है। बताया जा रहा है कि वेंटिलेटर के फटने से आग लगी। हालांकि इस बाबत कोई अधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई है। आग लगते ही अस्पताल में अफरा तफरी का माहौल बन गया। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इस मामले पर कहा कि एसजी पीजीआई में हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ब्रजेश पाठक ने उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सरकार पीड़ित परिजनों के साथ है। उन्होंने पीजीआई सहित प्रदेश भर के सभी सरकारी अस्पतालों एवं ऑपरेशन थियेटरों का सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश भी जारी किए हैं। ब्रजेश पाठक ने कहा कि घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा को मौके पर भेजा गया है। इस घटना में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार पूरी तरह से पीड़ित परिवारों के साथ है, उन्हें हर संभव मदद मुहैया कराई जा रही है।

0 Comments