आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा नगर, अजमतगढ़ में एक विवाह समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जयमाल के समय कूलर की हवा को लेकर घराती और बाराती पक्ष के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई।
इस घटना में आमिर चंद्र साहनी (26) पुत्र मिठाईलाल की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि राजकुमार साहनी, अभिलाष साहनी और साहिल यादव (निवासी बेलसरी, चेनपुर, जनपद गोरखपुर) घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और खुशी का माहौल गम में बदल गया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सगड़ी और थाना प्रभारी जीयनपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

0 Comments