बरेली। बरेली के मिठाई व्यवसायी की पत्नी शादी के आठ महीने बाद अचानक लापता हो गई। उसका अब तक कोई पता नहीं चला है। उसके ससुरालवालों ने कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी है। वहीं, पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए एसपी सिटी से शिकायत की है। बदायूं जिले के बिल्सी कस्बा के वार्ड छह निवासी पवन वार्ष्णेय ने बताया कि उन्होंने चार मई को अपनी बेटी नेहा की शादी बरेली के बिहारीपुर निवासी राहुल वार्ष्णेय से की थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने बताया कि 15 दिन पहले वह बेटी की ससुराल गए तो उसने हत्या की आशंका जताकर उसे ले जाने को कहा था। वह समझाकर लौट आए। 12 दिसंबर को ससुरालवालों ने फोन कर बताया कि नेहा कहीं चली गई है। तब से आज तक वह बेटी को खोज रहे हैं। उसका पता नहीं चला है। ससुरालवाले बता रहे हैं कि नेहा हाथ से एक पत्र लिखकर गई है, जिसमें खुद ही घर छोड़कर जाने का जिक्र किया है। उन्होंने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है। वहीं, नेहा के पिता हत्या की आशंका जता रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को एसपी सिटी से मामले की शिकायत की है।

0 Comments