इंडिया की ओर से कौन होगा प्रधानमंत्री पद का चेहरा... शिवपाल यादव ने दिया ये जवाब


बलिया। लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों के लिए पूर्वांचल के दौरे पर निकले सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव बुधवार को बलिया पहुंचे। फेफना स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में विपक्षी गठबंधन इंडिया के पास प्रधानमंत्री पद के चेहरा कौन के सवाल पर कहा कि गठबंधन के सभी दलों के पास एक से बढ़ एक नेता हैं। कहा कि भाजपा के पास एक के सिवाय कोई नहीं है। पीएम का चेहरा गठबंधन तय करेगा। इसके बाद उन्होंने सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर हमला बोला। कहा कि ओपी राजभर बहुत हल्के व्यक्ति हैं। संवैधानिक पद पर होकर भी वह कभी सीएम तो कभी पीएम तक को अनाप-शनाप बोलते हैं। उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता।

अब्बास अंसारी अभी सुभासपा के विधायक हैं। अब्बास को सपा में शामिल करने के सवाल पर कहा कि पार्टी की नीतियों पर चलने वाले सभी लोगों के लिए दरवाजा खुला है। पार्टी में किसको लेना है या नहीं लेना इसका फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे। एक सवाल पर कहा कि पसमांदा सहित सभी मुसलमान व अन्य वर्गों का सपा का साथ है। मायावती भाजपा के साथ हैं। यह पूरा देश जानता है। शिवपाल यादव ने कहा कि जनपद में बिजली की हालत बेहद खराब है। अस्पतालों में दवा व इलाज के अभाव में लोगों की असमय मौत हो रही है। शहर में गंदगी की भरमार है। जनता महंगाई से परेशान है। भाजपा वाले सिर्फ झूठा नारा देते हैं। राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि भाजपा के नेता नौ वर्ष में एक काम बेहतर बता दें। नेताजी व अखिलेश यादव के कार्यकाल में इतने काम हैं कि गिनती तक भूल जाएंगे।

जनता की चूक के कारण आज तमाम समस्याएं खड़ी हो रही हैं। सरकार इतनी सहमी है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने पर फर्जी मुकदमों में फंसा रही है। आज तमाम सरकारी संस्थान अपने चहेते उद्योगपतियों को बेच रहे हैं। इसका खामियाजा किसान युवा, व्यापारी व आम जनमानस भुगत रहा है। शोषण की लड़ाई सपा के कार्यकर्ता लड़ेंगे। शिवपाल यादव ने कहा कि 2024 में इंडिया गठबंधन से चुनाव मजबूती से लड़ेंगे। पूर्वांचल से लड़ाई का आगाज हो गया है। सभी जिलों में ठहर कर संगठन को मजबूती देना का काम कर रहे हैं। कम से कम 50 सीटें जीतेंगे। बसपा से मिलकर चुनाव लड़ने के बावजूद फायदा नहीं होने के सवाल पर कहा कि थोड़ी चूक हुई थी, लेकिन संगठन को मजबूती मिली। जयंत चौधरी या पल्लवी पटेल के खिलाफ भाजपा वाले झूठा प्रचार कर रहे हैं।

सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने एक सवाल के जवाब में कहा कि ज्ञानवापी कोर्ट का मामला है। उसमें सरकार व कोई पार्टी कुछ नहीं कर सकती। योगी आदित्यनाथ का बयान का कोई मतलब नहीं। यह बयान कोर्ट की अवमानना है। कोर्ट का जो आदेश आएगा उसको सभी मानेंगे। भाजपा संविधान, कोर्ट को नहीं मानती है। वह सिर्फ मनमानी थोपकर समाज को बांटना चाहती है। दंगा के सवाल पर कहा कि भाजपा से और क्या उम्मीद कर सकते हैं।

शिवपाल यादव रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर स्थित रामधनी कुंवर इंटर कॉलेज के परिसर में बुधवार को विद्यालय के संस्थापक पूर्व प्रधान रामचन्द्र चौबे की चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। कहा कि भाजपा सरकार तुष्टिकरण एवं लोगों को बांटने का काम करती है। झूठ बोल कर देश एवं प्रदेश को बरबाद कर रही है। इस सरकार में महंगाई बेरोजगारी अपने चरम पर है। बेइमानी, भ्रष्टाचार बढ़ गया है। अधिकारी निरंकुश एवं बेकाबू हो गए हैं। अपराध, दुराचार लगातार बढ़ रहा है। कहा कि आज मणिपुर हरियाणा ही नहीं देश जल रहा है, लेकिन भाजपा सरकार संवेदनहीन एवं मौन है। भाजपा का एकल काम है तुष्टिकरण और दंगा कराना।

Post a Comment

0 Comments