आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में शुक्रवार की शाम बच्चों के विवाद को लेकर एक महिला के सिर पर लकड़ी के बट से प्रहार कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने दो लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 45 वर्षीय समीउन निशा पत्नी हफीजुल्ल का पुत्र नफीस गांव के कैफ के साथ शुक्रवार की शाम खेल रहा था। दोनों बच्चे आपस में छींटाकशी कर रहे थे। इसी को लेकर बच्चों में विवाद हो गया। दोनों में गालीगलौज होने लगा। शोर सुन कर कैफ का चाचा इसामुद्दीन उर्फ सेफ अपनी मां शमशुल पत्नी जमालुद्दीन के साथ मौके पर आ गया। लकड़ी के बट से मां व बेटा ने समीउननिशा के सिर पर प्रहार कर दिया। मां-बेटा लाठी डंडा से तब तक समीउन निशा को मारते रहे जब तक वह जमीन पर गिर नहीं गयी।
घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई। गांव के लोगों ने बीच बचाव किया। घायल महिला को लेकर ग्रामीण सीएचसी बिलरियागंज पर पहुंचे। डॉक्टर ने हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने समीउननिशा को मृत घोषित कर दिया। समीउन निशा की बेटी नासरीन की तहरीर पर पुलिस ने इसामुद्दीन उर्फ सेफ व शमशुल के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच कर रही है।

0 Comments