निकाय चुनाव: किसके सिर सजेगा ताज, फैसला आज,

थोड़ी देर में शुरू होगी 760 निकायों के मतों की गिनती...


लखनऊ।
शहर की सरकार बनाने में किसके सिर ताज सजा, इसका फैसला आज होगा। 760 नगर निकायों में डाले गए वोटों की मतगणना प्रदेश भर में शनिवार को की जाएगी। एक माह से ज्यादा समय तक इस चुनाव में जुटे राजनीतिक दलों एवं उम्मीदवारों में किसकी मेहनत रंग लाई इसका आज पता चला जाएगा। 14521 पदों के लिए 83372 उम्मीदवार वैतरणी में उतरे थे। पार कौन लग पाया, यह आज पता चलेगा।

760 नगर निकायों के चुनाव का परिणाम शनिवार को आ जाएंगे. इसके लिए सुबह 8:00 बजे से मतगणना शुरू होगी। 75 जिलों के 353 केंद्रों पर करीब 35,000 कर्मचारी मतगणना करेंगे। आगरा की नगर पंचायत दयालबाग और गौतम बुद्ध नगर के रबूपुरा के अध्यक्ष और 160 पार्षद के साथ-साथ सदस्य निर्विरोध चुने जा चुके हैं। ऐसे में 17 नगर निगम के मेयर, 199 नगर पालिका और 542 नगर पंचायत अध्यक्षों के साथ 13,764 वार्ड के लिए पार्षद के अलावा सदस्यों के निर्वाचन की घोषणा होगी।

विपक्षी दल अब तक भाजपा पर ईवीएम में गड़बड़ी कर चुनाव जीतने का आरोप लगाते रहे हैं। नगर निकाय चुनाव में नगर निगम के चुनाव ईवीएम के जरिये हुए हैं। वहीं नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के चुनाव मतपत्र के जरिये हुए हैं। ऐसे में चुनाव परिणाम में यदि नगर निगम के साथ नगर पालिका और नगर पंचायतों में भाजपा को बढ़त मिलती है तो विपक्ष पर हमलावर होने का मौका मिलेगा। वहीं यदि विपक्षी दल नगर पंचायत, नगर पालिका परिषद में बढ़त बनाते हैं तो वह सत्तारूढ़ दल को फिर घेरने का प्रयास करेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, यूपी भाजपा प्रमुख भूपेंद्र सिंह चौधरी और यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने पार्टी उम्मीदवारों के लिए बड़े पैमाने पर प्रचार किया। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए मतदाताओं का समर्थन लेने के लिए राज्य के विभिन्न शहरों में रोड शो किया। मैनपुरी से लोकसभा सांसद डिंपल यादव ने भी पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले नगरीय निकाय चुनाव को प्रदेश के शहरी मतदाताओं के बीच राजनीतिक दलों की स्थिति के आकलन की कसौटी के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments