तूने मुझे छोड़ा तो रुक जाएंगी मेरी सांसें...चाहें जितनी पुलिस लगा लो...


अलीगढ़। राधव (बदला हुआ नाम) तू मुझे नहीं छोड़ सकता। मैंने तेरे लिए सब कुछ छोड़ दिया। अब मेरे साथ चल या मुझे अपने घर गुलाम बनाकर रख ले, यदि तूने मुझे छोड़ दिया तो रसूल-ए-पाक की कसम मैं कल का सूरज नहीं देख पाऊंगा। चाहें कितनी ही पुलिस क्यों न लग जाए, मेरी सांसें रुक जाएंगी और मौत आ आएगी। ये बातें गुरूवार शाम को हरदुआगंज थाने में इंदौर के सलीम (बदला हुआ नाम) ने राधव से कही। राधव के इन्कार पर उसने ब्लेड से अपनी गर्दन काटकर जान देने की कोशिश की। लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसके हाथ से ब्लेड छीनकर फेंक दिया। देर शाम तक थाने में लोगों की भीड़ जमा थी।

बता दें कि हरदुआगंज क्षेत्र के राधव (22) की सोशल मीडिया पर इंदौर के सलीम (25) से दोस्ती हुई। सलीम ने काम के बहाने जनवरी में राधव को इंदौर बुला लिया। इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। 10 फरवरी को परिवार में शादी का बहाना कर राधव हरदुआगंज लौट आया। इधर, काफी दिनों तक जब राधव इंदौर नहीं लौटा तो सलीम परेशान हो उठा और उसने दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने डायल 112 पर शिकायत कर राधव को वापस भेजने की गुहार लगाई। जब बात यहां भी नहीं बनी, तो वह हरदुआगंज आ गया और राधव से साथ चलने के लिए कहा, मगर राधव ने इन्कार कर दिया। सलीम पर प्रेम का नशा इस कदर चढ़ा है कि वह जान देने के लिए भी तैयार है।

वहीं, यह मामला पुलिस तक पहुंच गया। बुधवार शाम पुलिस ने राधव को थाने बुलाकर पूछताछ की तो उसने इंदौर के युवक पर बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया। वापस जाने से मना कर किसी भी प्रकार की कार्रवाई से भी इन्कार कर दिया था। इस संबंध में थाना प्रभारी बृजपाल सिंह ने बताया कि समलैंगिक संबंध के चलते इंदौर का युवक हरदुआगंज क्षेत्र के युवक से मिलने आया था। एक पक्षीय संबंध नहीं चलते, ऐसे में पुलिस किसी को मजबूर नहीं कर सकती। मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments