थाने में दारोगा जी के पिटाई से आरोपी के कान से बहने लगा खून..


मेरठ। दौराला थाने में एक दारोगा पर चोरी के आरोपी से पूछताछ के दौरान थर्ड डिग्री देने का मामला उजागर हुआ है. आरोप है कि पूछताछ के नाम पर दारोगा ने आरोपी को इतना पीटा कि उसके कान से खून बहने लगा. शरीर पर भी पिटाई के निशान हो गए. पिटाई से रोते तड़पते आरोपी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है। जानकारी मिलने पर आरोपी के समर्थन में भाकियू ने थाने में धरना दिया।

दरअसल, दौराला थाना क्षेत्र के गांव पनवाड़ी निवासी हरिओम लाला की देखभाल उनका भतीजा संदीप सिंघल करता है, पुलिस के अनुसार, हरिओम ने अपने तकिये के नीचे से चार हजार रूपए गायब करने का आरोप भतीजे संदीप पर लगाया. इस संबंध में चोरी की तहरीर थाने में दी. पुलिस संदीप के घर पहुंचकर उसे थाने बुलाने के लिए कहती थी. रविवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया. जहां संदीप के स्वजन भी पहुंच गए.

थाने में पुलिस से संदीप ने हरिओम पर आरोप लगाया कि गांव में चोरी का झूठा आरोप लगाकर उसे पीटा गया. पूछताछ के बीच दारोगा हरिओम और संदीप में कहासुनी हो गई. आरोप है कि दारोगा ने संदीप को पूछताछ के नाम पर इतना पीटा कि उसके कान से खून बहने लगा. शरीर पर चोट के निशान हो गए. संदीप को बचाने आई उसकी पत्नी को भी महिला पुलिसकर्मियों ने पीटा.

वहां खड़े किसी व्यक्ति ने पिटाई के बाद रोते हुए संदीप का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया. सूचना पर भाकियू संगठन से जुड़े कार्यकर्ता भी पहुंच गए, उनका कहना था कि संदीप संगठन से जुड़ा है. पुलिस ने थाने में जो थर्ड डिग्री दी है, वह कानूनन अपराध है. भाकियू कार्यकर्ता थाने में ही धरने पर बैठ गए. नारेबाजी के बीच इंस्पेक्टर आरके पचौरी पहुंचे और भीड़ को समझाकर शांत किया. पीड़ित पक्ष की ओर से दारोगा वीर सिंह पर अवैध संबंध बनाने का दबाव और पूछताछ के नाम पर बेरहमी से पिटाई की तहरीर दी.

Post a Comment

0 Comments