देवरिया। जिले में गाली देने व रंगदारी के आरोप में सदर कोतवाली पुलिस ने सपा नेता संगम यादव को रविवार को गिरफ्तार कर देर शाम उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया. गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर सदर कोतवाली में तमाम सपा नेता व कार्यकर्ता जुटे थे. आरोपित ने गाड़ी के दुर्घटना क्लेम को लेकर कंपनी के सर्विस एडवाइजर को गाड़ी समेत फूंक देने व भाग जाने की धमकी भी दी थी.
शहर के भुजौली कालोनी निवासी शैलेंद्र कुमार यादव उर्फ संगम यादव समाजवादी युवजन सभा का राष्ट्रीय सचिव है। तीन दिन पूर्व उसने अपनी स्विफ्ट कार राजकीय औद्योगिक आस्थान पुरवा में स्थित मारुति कंपनी के क्लासिक मोटर में दुर्घटना क्लेम के लिए भेजा. एजेंसी ने गाड़ी के आगे के हिस्से को ठीक कर दिया, लेकिन बगल की तरफ के पार्ट्स का क्लेम न होने से नहीं बदला. एजेंसी के सर्विस एडवाइजर विक्रम पटेल ने शनिवार को फोन कर सपा नेता को इसके बारे में जानकारी दी तो वह आग बबूला हो गया.
आरोप है कि उसने कर्मचारी को गालियां दी व धमकाया, जिसका आडियो सामने आया है. आडियो में सपा नेता ने कहा कि संगम यादव नाम है मेरा. गाड़ी नहीं बनी तो दो-चार सौ लड़कों को लेकर आऊंगा और गाड़ी में कई लोगों को बांधकर फूंक दूंगा. तुम्हारी एजेंसी क्लासिकल मोटर यहां नहीं रहेगी. अखिलेश यादव की सरकार नहीं है तो क्या हुआ, राष्ट्रीय सचिव हूं. देवरिया में मेरा इतिहास पता कर लेना. चौदह केस लड़ रहा हूं. जाकर कप्तान से कह देना कि संगम यादव कह रहे हैं. गाड़ी तुम को सौ प्रतिशत बनाकर देना होगा, नहीं तो एजेंसी फूंक दूंगा.
कर्मचारी विक्रम पटेल की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने सपा नेता के विरुद्ध गाली देने व धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया. पुलिस की तरफ से विवेचना में रगदारी की धारा बढ़ा दी गई है. विधि संवाददाता के अनुसार, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रिमांड मजिस्ट्रेट प्रियंवदा प्रियदर्शनी के न्यायालय में पेश किया. अभियोजन अधिकारी अनंत त्रिपाठी के तर्कों से सहमत होते हुए रिमांड मजिस्ट्रेट ने आरोपित को जेल भेज दिया. जमानत प्रार्थना पत्र पर सोमवार को सुनवाई होगी. सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय सिंह ने कहा कि एजेंसी के कर्मचारी को धमकाने व गाली देने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपित सपा नेता को गिरफ्तार कर लिया गया है.

0 Comments