गोंडा। गोंडा में पुलिस हिरासत में बिजली संविदा कर्मचारी की मौत से गुस्साए लोगों ने नवाबगंज में हाईवे पर जाम लगा दिया है. लोग पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगा रहे हैं. माझा क्षेत्र के सैकड़ों लोगों संग बिजली कर्मचारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है. दोनों तरफ वाहनों की एक किमी लम्बी कतार लगी गई है. मौके पर दो थाने की पुलिस लगी है. सीओ सदर समेत पुलिस के आठ वाहनों को तोड़ दिया गया है. पथराव किया गया है.
इससे पहले गुरुवार को संविदाकर्मियों ने आपूर्ति ठप कर दी है. स्थिति यह है कि एफआईआर की कापी देने के लिए पुलिस कर्मियों को थाने में किराए का जनरेटर मंगाना पड़ा. फिलहाल नबाबगंज कस्बा गम और गुस्से में सुलग रहा है. एसपी ने बताया कि नवाबगंज में हिंसा करने वालों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की गिरफ्तारी की जाएगी.
बुधवार को नबाबगंज के मांझा राठ निवासी संविदा बिजली कर्मचारी देवनारायण उर्फ देवा की मौत के बाद सभी लोग गुस्से में हैं. पुलिस भी किसी भी अनहोनी की आशंका में सहमी हुई है. निलंबित एसओ भी भूमिगत हो गए हैं. सूत्र बताते हैं कि हिरासत में मौत के बाद एसओ थाने से नदारद हैं. वहीं सीओ व कई थानों की फोर्स थाने पर कैम्प कर रही है. बताया तो यह भी जाता है कि गुरुवार सुबह ही कई थानों की फोर्स थाने पर बुलाई गई है. जिसमें पडोसी जनपद बलरामपुर के सादुल्लाहनगर, रेहरा आदि थाने के फोर्स शामिल हैं.

0 Comments