OP राजभर के निशाने पर सिर्फ SP, कहा 125 विधायक से 45 पर लाने की क्षमता...


मऊ। पिछले विधान सभा चुनाव में सपा के साथ मिलकर चुनाव लडऩे वाली सुभासपा के मुखिया ओपी राजभर का सपा से तलाक होने के बाद राजभर के अखिलेश यादव पर लगातार हमले तेज किए जा रहे हैं. वह पूरे यूपी में अपनी पार्टी का संगठन मजबूत करने के साथ ही अब बिहार में भी अपना पांव पसार रहे हैं. मऊ में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरा. इतना ही नहीं बैठक में उन्होंने साफ कह दिया कि अब तो हमारे निशाने पर सिर्फ समाजवादी पार्टी ही है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को बहुत अहंकार हो गया है. उन्होंने कहा कि वह शायद भूल रहे है कि चुनाव में मैंने उनकी पार्टी के विधायकों की संख्या को 47 से 125 पर पहुंचा दिया था. अखिलेश यादव अगर गलतफहमी में हैं तो मैं उनके विधायकों की संख्या को 125 से वापस 45 पर भी ला सकता हूं. उन्होंने कहा कि हम तो जमीन पर संघर्ष करने वाले हैं और ऐसे ही हमारी पार्टी के कार्यकर्ता भी हैं.

मऊ में मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद राजभर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस, बसपा और अन्य छोटे दलों को प्रदेश में अब कोई प्रभाव नहीं रहा है. हमको इनका विकल्प बनना है. हमको अब समाजवादी पार्टी को लक्ष्य पर लेकर अपना कोई भी कार्यक्रम तय करना है. ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तो कांग्रेस अपने आप ही खत्म हो रही है. बहुजन समाज पार्टी भी समाप्त होने की ओर है. हमसे टक्कर लेने के लिए अब भाजपा और समाजवादी पार्टी ही बची है. इस बार तो हमारे निशाने पर समाजवादी पार्टी ही है.

उन्होंने बताया कि 26 सितंबर से पार्टी के लखनऊ में कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा. इसके बाद प्रदेश के 75 जिलों में सावधान यात्रा-सावधान रैली का आयोजन किया गया है. इसको सभी पार्टी के कार्यकर्ता लगकर अपने-अपने जनपदों के कार्यक्रम को सफल बनाने का कार्य करें. साथ ही आमजन में अपनी पार्टी के नीति व सिद्धांतों को बताने का कार्य करें. ओमप्रकाश राजभर ने हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट भी की थी. इस मुलाकात के बाद से ओमप्रकाश राजभर के सुर बदले-बदले नजर आ रहे है. एक तरफ जहां उन्होंने सीएम योगी के खुलकर प्रशंसा की. वहीं दूसरी ओर सपा और बसपा पर हमला बोला.

Post a Comment

0 Comments