गोरखपुर। भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी 80 सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अपनी नियुक्ति के महज 23 दिन में प्रदेश को पश्चिम से पूरब तक मथ दिया है. एक भी दिन विश्राम किए बगैर संगठन से सरकार तक भाजपा नेता जिस तरह जुटे हैं उससे साफ लगने लगा है कि भाजपा, निकाय चुनाव से ही कार्यकर्ताओं के जोश का टॉप गियर लगाना चाह रही है. शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से लेकर रानीडीहा स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय तक यही किया.
शनिवार को भूपेन्द्र सुबह गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद आजमगढ़ मंडल की बैठक के लिए रवाना होंगे. गोरखपुर क्षेत्र से पहले भूपेन्द्र चौधरी पश्चिम, काशी, अवध, कानपुर और ब्रज क्षेत्र की बैठकें कर चुके हैं. हर बैठक में वह कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव में शत-प्रतिशत जीत और सेवा पखवारा में जी-जान से जुटने के आह्वान के साथ उनके महत्व को रेखांकित कर रहे हैं. गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में शुक्रवार को गोरखपुर जिला, महानगर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया के पदाधिकारियों, संयोजकों, मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रभारियों से रूबरू प्रदेश अध्यक्ष ने निकाय चुनाव में शत-प्रतिशत जीत का लक्ष्य दिया. साथ ही 17 सितम्बर को पीएम मोदी के जन्मदिन से लेकर 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती तक मनाए जाने वाले सेवा पखवारा के कार्यक्रमों में जी-जान से जुट जाने का आह्वान किया.
पिछली बार भाजपा ने यूपी की 62 लोकसभा सीटों पर कब्जा किया था तो इस बार 80 की 80 सीटें जीतने का लक्ष्य है. गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल की 13 सीटें हैं. 2019 के चुनाव में भाजपा ने गोरखपुर-बस्ती मंडल की जहां सभी नौ सीटें जीत ली थीं वहीं आजमगढ़ मंडल में उसका प्रदर्शन कमजोर था. वहीं आजमगढ़ लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत के बाद पार्टी को इस बार वहां भी कामयाबी का आत्मविश्वास मिला है.
प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन और संगठन में कार्यकर्ताओं की ताकत समझाते हुए कहा कि भाजपा संगठन की ताकत बड़ी है. कार्यकर्ता तपस्वी हैं जिनकी बदौलत ही भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। सबसे ज्यादा सांसद व विधायक भाजपा के हैं. चुनाव मोड में आ चुकी भाजपा के कार्यकर्ताओं को सीएम योगी के क्षेत्र में जोश की डबल डोज मिल रही है। सीएम अपने हर दौरे में जहां सामान्य लोगों के अलावा कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाते रहते हैं तो वहीं पार्टी नेतृत्व भी इसे तरोताजा बनाए रखने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा। प्रदेश अध्यक्ष ने निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से संगठन स्तर पर अभी से प्राथमिक तैयारियों में जुटने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार हर नगर पंचायत, नगर पालिका और नगर निगम का चुनाव लड़ेगी।

0 Comments