रामलीला देखने गए किशोर का सुबह धान के खेत में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस


बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के डिहवां गांव से बाहर शुक्रवार की सुबह नलकूप के समीप धान के खेत में 17 वर्षीय किशोर का शव मिलने से हड़कम्प मच गया। घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गयी। शव का कंडीशन देख युवक की गला घोंट कर हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पुलिस पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

नगरा थाना क्षेत्र के डिहवां निवासी शिवम यादव पुत्र शैलेंद्र यादव गुरुवार की रात गांव में हो रही रामलीला देखने गया था, लेकिन लौटा नहीं। शुक्रवार की सुबह शौच करने गए लोगों की नजर धान के खेत में शिवम का शव देख लोगों ने शोर मचाया। पुलिस को सूचना दी। खबर फैलते ही वहां भारी भीड़ जुट गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के मुंह से खून निकला था। गले पर भी निशान था।

परिजनों के मुताबिक, शिवम गुरुवार की रात भोजन करने के बाद रामलीला देखने गया था, लेकिन रात को वापस नहीं लौटा। तीन भाइयों में शिवम सबसे छोटा था।शिवम के दोनों बड़े भाई पिता शैलेंद्र यादव के साथ बाहर रहते हैं। घर पर मां के साथ शिवम रहता था। घटनास्थल पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा शंकर तिवारी ने निरीक्षण कर मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त है।

Post a Comment

0 Comments