संपत्ति विवाद में भाई को गोली से उड़ाया - भीड़ ने जमकर पीटने के बाद किया पुलिस के हवाले


महाराजगंज। जिले के नौतनवा कस्बे के मालवीय नगर में संपत्ति विवाद को लेकर एक भाई ने अपने ही छोटे भाई को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते हैं घर से बाहर तक भगदड़ मच गई। जिला अस्पताल में घायल कैलाश वर्मा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है।

एसपी डॉ. कौस्तुभ ने जिला अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। सोमवार की सुबह विवाद को लेकर आरोपी ने कैलाश वर्मा को गोली मार दी। गोली लगने से घायल कैलाश जमीन पर गिरकर तड़पने लगा और मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। दूसरी ओर गोली मारकर भाग रहे आरोपी को घर के अन्य लोगों ने पकड़ लिया। इस दौरान मोहल्ले के लोग भी इकट्ठा हो गए और उसकी जमकर पिटाई कर दी। हमलावर भी गंभीर रूप से घायल हो गया है।

इस हादसे के बाद गोली लगने से खून से लथपथ पड़े शख्स को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जबकि घायल हमलावर का इलाज पुलिस की निगरानी में नौतनवा सीएचसी में ही चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। सीओ धीरेंद्र कुमार उपाध्याय का कहना है कि गोली मारने वाला शख्स पुलिस की हिरासत में है। मौके से पिस्टल व गोली बरामद कर ली गई है।

Post a Comment

0 Comments