बांदा। समाजवादी पार्टी की बैठक के दौरान शुक्रवार को पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। छत्रपति शाहूजी महाराज जयंती कार्यक्रम में सपा सांसद कृष्णा देवी पटेल और बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव के बीच तीखी बहस हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान विधायक विशंभर सिंह यादव ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि पार्टी में कुछ लोग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा से प्रभावित हैं और उनसे सावधान रहने की जरूरत है।
बताया जा रहा है कि सांसद कृष्णा देवी पटेल ने इस टिप्पणी को अपने ऊपर माना और विधायक का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उनके खिलाफ होने वाली साजिशों के पीछे उन्हीं का हाथ है।
इस पर विधायक विशंभर सिंह यादव नाराज हो गए और खड़े होकर कहा, "तमीज से बात करिए, जब मैंने किसी का नाम नहीं लिया तो मेरा नाम लेकर आरोप क्यों लगा रही हैं?" इसके बाद दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक तीखी बहस होती रही, जिससे बैठक में हंगामे की स्थिति बन गई।
मामला बढ़ता देख पूर्व सपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन कुशवाहा ने बीच-बचाव कर दोनों नेताओं को शांत कराया। इसके बाद कार्यक्रम की कार्यवाही आगे बढ़ सकी।
बैठक के दौरान हुई नोकझोंक का वीडियो किसी कार्यकर्ता ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि बांदा में समाजवादी पार्टी लंबे समय से गुटबाजी की समस्या से जूझ रही है। सांसद और विधायक खेमों के बीच मतभेद पहले भी सामने आते रहे हैं। पार्टी हाईकमान भी जिले की स्थिति से अवगत है और इसी कारण जिला इकाई लंबे समय से भंग चल रही है।

0 Comments