मैं विकास दुबे से भी बड़ा वाला हूं...भाग जाओ - सनकी कारोबारी ने 40 राउंड की फायरिंग


कानपुर। श्याम नगर में घरेलू विवाद को लेकर शेयर कारोबारी ने जमकर तांडव मचाया। पूरे परिवार की पिटाई कर कमरे में बंधक बना लिया। दहशत फैलाने के लिए सरेआम मोहल्ले में ताबड़तोड़ फायरिंग की। सूचना पर फोर्स के साथ पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और कारोबारी का घर चौतरफा घेरकर मोर्चा लिया। सनकी कारोबारी ने पुलिस पर ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं। श्याम नगर में तीन घंटे तक ताबड़तोड़ फायरिंग के बीच दहशत का आलम था। 40 राउंड तक इस कदर गोलियां चलती रहीं मानो कोई गैंगवार छिड़ा हो। इस बीच शेयर कारोबारी राजकुमार ने अफसरों को हवा में फायरिंग कर धमकी दी-मैं विकास दुबे से भी बड़ा वाला हूं, भाग जाओ। इस पर पुलिस ने उससे संवाद शुरू किया। अधिकारियों ने कहा कि वह सरेंडर कर दे।

पीएसी रोड पुल की ओर चलने पर परिणय गेस्ट हाउस के पीछे वाली सड़क पर स्थित चंद्र निवास से दोपहर को अचानक फायरिंग शुरू हो गई। परिवार को कमरे में बंद करने के बाद दोनाली बंदूक लेकर फायरिंग करते राजकुमार के सिर पर दहशत फैलाने का जुनून सवार था। पुलिस के पहुंचने पर उसने गेट के बाहर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस के वाहन का शीशा चटक गया। दरोगा, सिपाही व होमगार्ड के छर्रे लगने से पुलिस सतर्क हो गई। इसके बाद अफसर आए और भारी फोर्स के साथ मकान को घेर लिया। अधिकारियों ने एड्रेस सिस्टम से बातचीत शुरू की। कारोबारी ने शर्तें रखीं। अफसरों ने मानने का आश्वासन दिया। इसके बाद वह राजी हुआ। डीसीपी ईस्ट प्रमोद कुमार व रेलबाजार थाना प्रभारी निरीक्षक ने पब्लिक एड्रेस सिस्टम से उससे बात करना शुरू की। अधिकारियों को पता चला कि कारोबारी चित्रकूट का मूल निवासी है। डीसीपी बोले कि वह चित्रकूट के हैं। संजय पांडेय बोले कि वह अयोध्या के हैं। दोनों भाई-भाई हैं। इस पर बातचीत शुरू हुई।

कारोबारी ने शर्त रखी कि गिरफ्तारी न की जाए। कारोबारी केवल अधिकारियों को ही अंदर आकर बात करने को बुलाया। उसके बंदूक नीचे रखने के बाद भी अधिकारी डरते रहे कि कहीं तमंचा न हो। फिर हिम्मत कर अंदर गए। कारोबारी के बेटे की शिकायत पर पुलिस सुबह ही जांच को घर आई थी। कारोबारी सरेंडर करने के पहले घर आए पुलिस कर्मचारियों के निलंबन करने की शर्त पर अड़ा रहा। इस पर डीसीपी ने मोबाइल पर एक कागज पर बहलाने के लिए आदेश मंगाया। यह देखकर वह सरेंडर को राजी हुआ। डीसीपी पूर्वी का कहना है कि 40 गोलियां चली हैं। घर में एक लाइसेंसी रिवाल्वर भी है। रिवाल्वर नहीं मिला है। दरोगा के हाथ, सिपाही के उंगली और होमगार्ड के पैर में लगे छर्रे लगे हैं। बहू जॉयश्री ने बताया कि आरके दुबे बड़े बेटे और बहू से घर छोड़ने की बात करते हैं।

रविवार को इसी को लेकर विवाद हुआ। उन्होंने न सिर्फ पीटकर बंधक बनाया, बल्कि दोनों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की धमकी भी दी। बहू ने पुलिस को फोन कर शिकायत की। पुलिस पूछताछ करने आई थी। पड़ोसी व पुलिस हैरानी जताते रहे कि आरके दुबे की पत्नी उन्हें कारतूस दे रही थी। लोगों का आरोप है कि वह किसी से ठीक से बात नहीं करता है। इससे पहले भी आरोपित इलाके में गोलियां चला चुका है। एक पड़ोसी ने बताया कि लगभग पांच साल पहले भी घर के सामने रहने वाले पड़ोसी से नाली के विवाद में भी उसने फायर किए थे। पुलिस ने उसे पकड़ा था। डीसीपी ईस्ट प्रमोद कुमार ने बताया कि कारोबारी की डबल बैरल बंदूक जब्त कर गिरफ्तार कर लिया गया है। बेटे की ओर से तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

Post a Comment

0 Comments