पंकज सिंह
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के पारा गांव निवासी मौर्य दंपती की हत्या के पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। अभियुक्तो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार के लोग दहशत में हैं।
अहरौला थाना क्षेत्र के पारा गांव निवासी पूर्व प्रधान 45 वर्षीय इन्द्रपाल मौर्य पुत्र राम लगन मौर्य व उनकी पत्नी शकुंतला मौर्य का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। गुरुवार को दोनो का शव फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंबारी के पास सड़क के किनारे गड्ढे में मिला था। मंगलवार को दोनो घर से दवा व सामान की खरीदारी करने के लिए जौनपुर के शाहगंज गए थे। इद्रपाल मौर्य के भतीजा पंकज मौर्य ने जमीन विवाद को लेकर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पक्खनपुर निवासी मकरंद सिह व नगीना सिंह पुत्रगण स्व. कन्हैया सिंह व नगीना की पत्नी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना की खुलासा के लिए गठित पुलिस की चार टीमे क्षेत्र में दबिश दे रही हैं। तीन लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मौर्य दंपत्ति का फूलवरिया बाजार में जनरल स्टोर की दुकान है। घटना के दिन दुकान के लिए शाहगगंज से खरीदारी भी किए थे। उनका माल लेकर एक आटो घर आया था। आटो अक्सर शाहगंज से माल लाता है। पुलिस ने आटो चालक से भी पूछताछ की है। इसके साथ ही पुलिस घटना के दूसरे एंगिल पर जांच कर रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष यशवंत सिंह ने बताया कि अभियुक्तो की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में दबिश दी जा रही है। घटना के संबंध में कुछ जानकारियां मिली है जिस पर पुलिस काम कर रही है।

0 Comments