आजमगढ़। 8वां अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। सुखदेव पहलवान स्टेडियम, कुंवर सिंह उद्यान, पार्क, चर्च कंपाउड समेत अन्य जगहों पर योग गुरूओं ने लोंगो को योग क्रियाओं की जानकारी दी। सुखदेव पहलवान स्टेडियम में सुबह करीब सात बजे जिलाधिकारी विशाल भारद्धाज के नेतृत्व में योग दिवस का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि योग तन और मन को स्वस्थ रखने का साधन है। आष्टांगिक योग के माध्यम से शरीर को मजबूत एवं मन को नियंत्रित किया जाता है। आसन एवं प्राणायाम योग की प्राथमिक अवस्थाएं है और ध्यान के माध्यम से ईश्वर से जुड़ जाना परमावस्था है। योग के नियमित अभ्यास से असम्भव भी संभंव होने लगता है। अतः इसका नियमित अभ्यास बहुत जरूरी है।
कुवंर सिंह उद्यान में आदर्श योग शिक्षक देव विजय यादव ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ योग शिविर का शुभारंभ हुआ वैदिक मंत्र उच्चारण के बाद योग की विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास कराया गया। जिसमें आसन-शलभासन, मर्कटासन, हलासन, मंडूकासन, नौकासन और प्राणायाम में भस्त्रिका ,कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, उदगीथ का विशेष अभ्यास कराया गया। योग की विभिन्न मुद्राओं के अभ्यास के बाद श्री यादव ने बताया कि योग अस्थमा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, पाचन विकार और अन्य बीमारियों में चिकित्सा का एक सफल विकल्प है योग वजन में कमी, शरीर में लचीलापन, सुंदर चमकती त्वचा, शांतिपूर्ण मन, अच्छा स्वास्थ्य जो आप चाहते हैं वह आपको देता है।
उधर पुलिस लाइन सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक अखिलेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, अपर पुलिस अधीक्षक नगर व ग्रामीण समेत समस्त अधिकारियों ने योगाभ्यास किया। इस वर्ष योग दिवस को मानवता के लिए योग के रूप में मनाया गया। योग का अभ्यास शरीर और मस्तिष्क की सेहत के लिए फायदेमंद है। योग शरीर को रोगमुक्त रखता है और मन को शांति भी देता है।


0 Comments