रमेश चन्द्र यादव
तहबरपुर/आजमगढ़। जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र के ईशरपार गांव में सोमवार की रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र समेत 3 की मौत हो गई। यह घटना उस वक्त हुई जब एक शादी की सालगिरह की पार्टी के दौरान पास में खड़ी एक पिकअप को एक युवक ने स्टार्ट कर दिया। डीजे पर डांस कर रहे लोगों को पिकअप रौंदते हुए नीम के पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में दो बच्चों सहित चार लोग घायल भी हो गए। घायलों का उपचार चल रहा है।
ईश्वर पुर गांव निवासी 60 वर्षीय रामसमुझ के बेटे पिंटू की शादी की पहली सालगिरह थी। पिंटू इस समय हैदराबाद में है। घर पर पिंटू की पत्नी सालगिरह मना रही थी। सालगिरह के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोठारा गांव निवासी 55 वर्षीय हरिराम व उनके पुत्र 23 वर्षीय अंगद आए हुए थे। रात करीब 11 बजे डीजे पर लोग डांस कर रहे थे। इस दौरान पास में खड़ी एक पिकअप को पड़ोसी गांव के एक युवक ने स्टार्ट कर दी। पिकअप डांस कर रहे लोगों को और रौदते देते हुए चारपाई और कुर्सियां को तोड़ते हुए एक नीम के पेड़ से टकरा गई।
पिकअप की चपेट में आने से रामसमुझ व उसके रिश्तेदार हरिराम, हरिराम के पुत्र अंगद की मौत हो गई। इसके साथ ही अर्जुन ,भूमि, वंदना और चांदनी घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पिकअप को पुलिस कब्जे में लेकर थाने चली गयी। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

0 Comments