पुलिस हिरासत में बाइक से कूदना युवक को पड़ा भारी - ट्रक से कुचलकर मौत


मुजफ्फरनगर। जिले में भौराकलां पुलिस द्वारा शांति भंग की आशंका में सीआरपीसी की धारा 151 में गिरफ्तार युवक को बुढ़ाना एसडीएम के समक्ष पेश करने के बाद पुलिस जब मुजफ्फरनगर जेल में छोड़ने के लिए जा रही थी तो वह शाहपुर कस्बे में चलती बाइक से कूदकर भागने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना में दूसरी ओर गिरने से बाइक सवार सिपाही व होमगार्ड को भी मामूली चोट आई।

दरअसल, भौरा कलां थाना क्षेत्र के कस्बा सिसौली निवासी अंकित बालियान पुत्र जसपाल बालियान के परिजनों द्वारा थाने पर शिकायती पत्र दिया गया था कि अंकित बालियान आए दिन घर में मौजूद पत्नी बच्चों तथा मां-बाप के साथ मारपीट तथा गाली गलौज करता है। कई बार भोरा कला पुलिस ने पीड़ित परिवार के घर पहुंच कर आरोपी युवक को समझाया, किंतु वह नहीं माना। गत दिवस आरोपी अंकित ने घर में फिर से क्लेश कर दिया और मारपीट करते हुए अभद्र व्यवहार किया। जिसके बाद घर के परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी अंकित को सोमवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया तथा शांति भंग में चालान कर दिया।

थाना प्रभारी भौरा कला नवीन कुमार ने बताया कि आरोपी अंकित को थाने पर तैनात सिपाही पवन कुमार तथा होमगार्ड संजय के साथ एसडीएम बुढ़ाना की कोर्ट में पेश किया गया। यहां पर उसकी जमानत परिजनों द्वारा नही लिए जाने पर एसडीएम ने उसे 14 दिन के न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए। मुजफ्फरनगर जेल में लाने के लिए बाइक से सिपाही व होमगार्ड अंकित को बीच में बैठाकर ला रहे थे।

शाहपुर में बुढ़ाना रोड पर स्थित एक अस्पताल के पास पहुंचे तो इसी बीच आरोपी ने पुलिस की पकड़ से बाहर भागने का प्रयास करते हुए आरोपी ने चलती बाइक से छलांग लगा दी। इस दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने आरोपी अंकित को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव सीओ बुढाना समेत कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करने हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई।

Post a Comment

0 Comments